Road Accident: झारखंड के रामगढ़ जिले से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है. यहां रजरप्पा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले लारी-बरलौंग के पास देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया. रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग (NH-23) पर एक तेज रफ्तार कोयला लदे ट्रक और सवारी गाड़ी के बीच हुई इस जोरदार टक्कर में 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है.
सवारी वाहन के उड़े परखच्चे
जानकारी के मुताबिक, हादसे का शिकार हुए लोग बैंड-ताशा पार्टी से जुड़े थे. बताया जा रहा है कि बलसगरा गांव के दो लोग एक सवारी वाहन से मारंगमर्चा गांव पहुंचे थे. वहां से कार्यक्रम में शामिल होने के लिए ताशा-बैंड पार्टी के छह अन्य सदस्यों को लेकर वे वापस बलसगरा लौट रहे थे. इसी दौरान रामगढ़ की ओर से आ रहे कोयला लदे ट्रक ने ओवरटेक करने के क्रम में सवारी वाहन को अपनी चपेट में ले लिया.
दुर्घटना के बाद का हालात
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल व्याप्त हो गया. बैंड-बाजे और अन्य सामान सड़क पर बिखर गए थे, जिससे दृश्य और भी भयावह हो गया. घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीण, रजरप्पा थाना पुलिस और आसपास के थानों की पुलिस मौके पर पहुंची. सभी घायलों को तुरंत रामगढ़ सदर अस्पताल ले जाया गया. अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने सात लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक व्यक्ति की हालत गंभीर हुई. उसे बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया गया.
ट्रक ड्राइवर हुआ फरार
इस एक्सीडेंट में ट्रक का चालक मौके से फरार हो गया. स्थानीय लोगों का कहना है कि ड्राइवर ने ओवरटेक करने के कोशिश में पिकअप को टक्कर मारी, जिससे यह भयंकर दुर्घटना हुई. सभी मृतक बैंड पार्टी से जुड़े हुए थे और वे रामगढ़ से मारगामरचा जा रहे थे. उन्हें बलसगरा जाना था, जहां उन्हें एक कार्यक्रम में शामिल होना था. फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है.
इसे भी पढ़ें:-थोड़ी देर में सीएम योगी पहुंचेगें देवरिया, कई विकास परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण और शिलान्यास