सीएम योगी के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा 2022 का विधानसभा चुनाव: स्वतंत्र देव सिंह

आगरा। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि 2022 का विधानसभा चुनाव मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा। स्वतंत्र देव सिंह ने यह बयान कासगंज में दिया। वह यहां भाजपा ब्रज क्षेत्र के अध्यक्ष रजनीकांत माहेश्वरी के कैंप कार्यालय पर मुलाकात के बाद पत्रकार वार्ता कर रहे थे। गुरुवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा द्वारा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह एवं प्रदेश के संगठन मंत्री सुनी बंसल को दिल्ली बुलाया था। इस बारे में पूछे जाने पर स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि इसमें कोई नई बात नहीं है। यह रूटीन की मुलाकात थी। प्रदेश में भाजपा का चेहरा बदलने की अटकलों को उन्होंने सिरे से खारिज कर दिया। अयोध्या में राममंदिर के लिए खरीदी गई जमीन को लेकर लग रहे आरोपों पर उन्होंने बताया कि इस संबंध में जवाब दिया जा चुका है। यह सब विपक्ष की अफवाहें हैं। उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों में भाजपा को बंपर जीत मिलेगी। पूरी पार्टी एकजुट होकर चुनाव लड़ेगी। विपक्षी दलों की साजिश कामयाब नहीं होने दी जाएगी। प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने जिले में अमांपुर के विधायक देवेंद्र प्रताप सिंह, ब्रज क्षेत्र के क्षेत्रमंत्री पूर्णेंद्र सोलंकी, सदर विधायक देवेंद्र राजपूत की पत्नी कमलेश राजपूत, भाजपा के मंडल अध्यक्ष अखंड प्रताप सिंह के पिता और भाई की मृत्यु होने पर उन सब के घर जाकर शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि दी। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *