मेरी सरकार ने सदियों से वंचित लोगों के लिए किया काम: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 

नई दिल्ली। आज से संसद के बजट सत्र की शुरुआत हो गई है।  राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक में अपना पहला अभिभाषण दिया। बजट सत्र का पहला चरण 13 फरवरी तक चलेगा और दूसरा चरण 13 मार्च से शुरू होकर छह अप्रैल तक चलेगा।

मेरी सरकार ने सदियों से वंचित लोगों के लिए काम किया: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि हमारे देशों में ऐसे अनेक वर्ग और क्षेत्र हैं, जिनकी उम्मीद और आवश्यकताओं पर ध्यान देकर ही समग्र विकास की कल्पना की जा सकती है। हमारी सरकार ऐसे वर्गों और क्षेत्रों को वरीयता देते हुए काम कर रही है। मेरी सरकार ने हर उस वर्ग के लिए काम किया है, जो सदियों से वंचित रहा है। गरीबों, दलितों और शोषितों के लिए काम किया है, जिससे वे सपने देख सकते हैं।

सरकार गरीबों को मुफ्त अनाज दे रही: राष्ट्रपति मुर्मू

राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि मेरी सरकार की कोशिशों का नतीजा है कि ज्यादातर सुविधाएं या तो शत प्रतिशत लोगों तक पहुंच चुकी हैं, या पहुंचने वाली हैं। हमने देखा है कि कोरोनाकाल के दौरान दुनियाभर में किस तरह गरीब के लिए गुजारा मुश्किल था, लेकिन भारत उन देशों में से एक है, जिसने गरीबों का जीवन बचाने के लिए हर कोशिश की और कोशिश की देश में कोई गरीब भूखा नहीं सोएगा। सरकार ने पीएम गरीब कल्याण योजना को आगे भी चलाने का निर्णय लिया है। यह एक संवेदनशील और गरीब हितैषी सरकार की पहचान है। सरकार गरीबों को मुफ्त अनाज दे रही है। आज इस कदम की प्रशंसा पूरी दुनिया में हो रही है।

गरीबी हटाओ अब केवल नारा नहीं रह गया: राष्ट्रपति मुर्मू

राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि कोरोनाकाल में हमारी सरकार लोगों को गरीबी रेखा के नीचे जाने से बचाने में सफल हो पाई है। आज शॉर्टकट की राजनीति से बचें और स्थायी समाधान पेश करें। जिससे सामान्य जनों की समस्याओं का हल है। गरीबी हटाओ अब केवल नारा नहीं रह गया है। आज सरकार हर किसी को सशक्त बनाने का काम कर रही है।

मेरी सरकार ने देशहित को सर्वोपरि रखा: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

मेरी सरकार ने देशहित को सर्वोपरि रखा है। नीति और फैसलों में इच्छाशक्ति दिखाई है। सर्जिकल स्ट्राइक से लेकर जवाबी कार्रवाई तक। एलओसी से लेकर एलएसी तक सरकार ने हर तरफ काम किया है। मेरी सरकार ने 370 से लेकर तीन तलाक तक हर तरफ काम किया है। आज दुनिया के कई देश संकट से घिरे हैं, लेकिन मेरी सरकार ने जो भी निर्णय लिए, उनकी वजह से भारत की स्थिति उन देशों से अलग है। मेरी सरकार का मानना है कि भ्रष्टाचार सामाजिक न्याय का दुश्मन है। इसलिए भ्रष्टाचार के विरोध में लड़ाई जारी है।

यह सपनों को पूरा करने वाली सरकार है: राष्ट्रपति

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि मेरी सत्ता राष्ट्र निर्माण के कर्तव्य को पूरा करने में लगी है। यह सपनों को पूरा करने वाली सरकार है। आज भारत में ईमानदारी का पालन करने वाली सरकार है। आज भारत में गरीबी के स्थायी समाधान और उनके स्थायी सशक्तीकरण के लिए काम करने वाली सरकार है। आज भारत के लिए बड़े और उत्कृष्ट स्केल पर काम करने वाली सरकार है। आज भारत में जनकल्याण को सर्वोपरि रखने वाली सरकार है। आज भारत में प्रगति के साथ ही प्रकृति को संभालने वाली सरकार है। आज भारत में विरासत के संरक्षण के साथ आधुनिकता को बढ़ावा देने वाली सरकार है।

आज भारत में ऐसा डिजिटल नेटवर्क बना है, जिससे पूरी दुनिया प्रेरणा ले रही: राष्ट्रपति

जिस आधुनिक इन्फ्रास्ट्रक्चर की हम कभी कामना करते थे, वह आज बनना शुरू हुआ है। आज भारत में ऐसा डिजिटल नेटवर्क बना है, जिससे पूरी दुनिया प्रेरणा ले रही है। बड़ी-बड़ी योजनाओं में जिस भ्रष्टाचार से देश मुक्ति चाहता था, उससे अब मुक्ति मिल रही है। पॉलिसी पैरालिसिस को हटाते हुए फैसले लेने के लिए भी सरकार जानी जाती है। इसलिए हम दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुके हैं।

भारत का आत्मविश्वास पहली बार शीर्ष पर है: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि विकास के कर्तव्य पथ पर चलते हुए मेरी सरकार को कुछ ही वर्षों में नौ वर्ष पूरे हो जाएंगे। मेरी सरकार के लगभग नौ वर्षों में भारत के लोगों ने कई परिवर्तन पहली बार देखे हैं। इनमें सबसे बड़ा यह कि भारत का आत्मविश्वास पहली बार शीर्ष पर है। जो भारत पहले अधिकांश समस्याओं के निदान के लिए दूसरों पर निर्भर था। वह आज दूसरों की समस्याओं का समाधान बन रहा है।

हमें ऐसे भारत का निर्माण करना है जिसमें अतीत का गौरव जुड़ा हो: राष्ट्रपति मुर्मू

संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि हमें ऐसे भारत का निर्माण करना है जिसमें अतीत का गौरव जुड़ा हो। हमें नए युग का निर्माण करना है। हमें ऐसा भारत बनाना है, जिसमें गरीबी न हो, मध्यम वर्ग भी वैभव से युक्त हो। ऐसा भारत बनाना है, जिसके युवा समय से दो कमद आगे चलता है। ऐसा भारत जिसकी एकता और अटल हो। 2047 में देश जब इस सच्चाई को जीवंत करेगा तब इस निर्माण का आंकलन भी करेगा। तब इस मौके को देखा जाएगा। इसलिए अमृतकाल का यह अवसर बहुत महत्वपूर्ण है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *