Bihar: बिहार के औरंगाबाद जिले में बोधगया से वाराणसी जा रही टूरिस्ट बस ने मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पास रविवार की रात एक खड़ी ट्रक में पीछे से टक्कर मार दी. टूरिस्ट बस पर सवार आंध्रप्रदेश के नेल्लौर के तीन पर्यटक की मौत हो गई. 22 से अधिक पर्यटक घायल हो गए. घायलों में 15 की स्थिति गंभीर है. सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज गयाजी भेजा गया है.
रात डेढ़ बजे हुआ हादसा
हादसा एनएच-19 पर मुफस्सिल थाना क्षेत्र के देव मोड़ और भेड़िया गांव के बीच भवानी होटल के समीप देर रात करीब 1:30 बजे हुआ. बताया जा रहा है कि आंध्र प्रदेश के पर्यटकों से भरी बस बोधगया से वाराणसी जा रही थी. इसी दौरान बस ने खड़ी ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.
तीन की मौके पर मौत, कई घायल
इस हादसे में आंध्रप्रदेश के नेल्लौर आतापुर आत्मपुर निवासी सोमा प्रसाद की 42 वर्षीय पत्नी सोमा पदमा, स्ट्रीट ओल्ड कालोनी निवासी 64 वर्षीय पशुपुलेटी वेंकटेश एवं कोटुरु संगम निवासी 61 वर्षीय चावादम हजरत थेटा की मौत हो गई. 22 से अधिक यात्री घायल हैं, जिनमें 15 की हालत गंभीर बताई जा रही है. सभी घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से औरंगाबाद सदर अस्पताल पहुंचाया गया.
इसे भी पढ़ें:-हाईटेक चोरी करने वाले गैंग का खुलासा, Audi कार से वारदात को देते थे अंजाम, 77 लाख का माल बरामद