आजमगढ़ में बिजली के पोल से टकराया डीजल से भरा टैंकर, तेज धमाके के साथ लगी आग, तीन जिंदा जले

Accident in Azamgarh: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले से एक भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आई है. यहां गोरखपुर से डीजल लेकर आ रहा एक टैंकर सोमवार की देर रात बिजली के पोल से टकरा गया. इस दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक टैंकर गोरखपुर से डीजल लेकर आजमगढ़ के बिलरियागंज थाना क्षेत्र स्थित एक पेट्रोल पंप की ओर जा रहा था. इसी दौरान जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के मालटारी-मिर्जापुर स्थित विद्युत उपकेंद्र के पास तेज रफ्तार टैंकर अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकरा गया. टक्कर के बाद पोल पर लगा ट्रांसफार्मर भी गिर गया. इसके तुरंत बाद तेज धमाके के साथ टैंकर में भीषण आग लग गई.

कुछ ही देर में आग की लपटों ने पूरे टैंकर को घेर लिया। आग इतनी विकराल थी कि आसपास मौजूद लोग चाहकर भी वाहन के नजदीक नहीं जा सके। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. कुछ ही देर में पुलिस और फायरब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची. दमकल की छह गाड़ियां आग पर काबू पाने में जुट गई.

घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक टैंकर पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था. इस हादसे में तीन लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई. हादसे में जान गंवाने वालों में मेहनगर थाना क्षेत्र के भीखमपुर गांव निवासी 26 वर्षीय प्रदीप कुमार भी शामिल है

वहीं, पुलिस दो युवकों की पहचान करने में जुटी हैं. पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी है. हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया है. आगे की कार्रवाई में जुटी हैं.

इसे भी पढ़ें:-एनडीए संसदीय दल की ‘मंगल मिलन’ बैठक, संसद पहुंचे PM मोदी और अमित शाह

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *