Ghazipur: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को गाजीपुर के मुहम्मदाबाद मंडी समिति परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिले को करीब 691.74 करोड़ रुपये की 268 विकास परियोजनाओं की सौगात दिया. इनमें 83 परियोजनाओं का लोकार्पण और 185 का शिलान्यास किया गया. कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं, बुनियादी ढांचे के विस्तार, किसानों, युवाओं, महिलाओं और गरीबों के कल्याण के लिए चल रही योजनाओं पर विस्तार से अपनी बात रखी.
सीएम योगी ने जनसभा को किया संबोधित
सीएम योगी ने जनसभा को संबोधित किया. उन्होंने इस पवित्र भूमि को नमन करने का अवसर मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की. मुख्यमंत्री ने बताया कि गाजीपुर का उल्लेख रामायण कालखंड से मिलता है. उन्होंने इसे महाराज गाजी की पावन धरती बताया. सीएम योगी ने कहा कि भगवान राम और लक्ष्मण ताड़का वध के लिए इसी धरती से बक्सर गए थे.
एशिया और देश का सबसे बड़ा गांव गहमर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहमर गांव का विशेष उल्लेख करते हुए इसे एशिया और देश का सबसे बड़ा गांव बताया. मुख्यमंत्री ने कहा कि गहमर को 12,000 फौजियों के गांव के रूप में जाना जाता है. उन्होंने बताया कि अकेले इसी गांव में 12 हजार से अधिक सैनिक और सेवारत अधिकारी निवास करते हैं.
जिले के सैनिकों की युद्धों में महत्वपूर्ण भूमिका
सीएम ने कहा कि स्वतंत्र भारत में जब भी देश की सीमाओं की रक्षा की बात आती है, तो गाजीपुर के फौजियों का योगदान अविस्मरणीय है. जिले के सैनिकों ने 1961, 1965 और 1971 के युद्धों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. इसके अतिरिक्त, कारगिल युद्ध और ऑपरेशन सिंदूर जैसे अभियानों में भी उन्होंने अपना योगदान दिया. इस गाजीपुर की वीर भूमि का प्रमाण है.
शिलान्यास होने वाली परियोजनाएं
शिलान्यास होने वाली परियोजनाओं में अंधऊ-चौकिया बाईपास, मनिहारी-जखनियां-फद्दोपुर मार्ग के अतिरिक्त निर्माण कार्य, महिला एवं पुरुष जिला अस्पताल में फायर फाइटिंग सिस्टम, मेडिकल कॉलेज से संबद्ध अस्पताल की बाउंड्रीवाल, नई पुलिस चौकियां, सिंथेटिक हॉकी मैदान, बहुउद्देशीय क्रीड़ागृह का जीर्णोद्धार तथा धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के विकास से जुड़ी योजनाएं प्रमुख हैं.
लोकार्पण होने वाली प्रमुख परियोजनाएं
लोकार्पण होने वाली प्रमुख परियोजनाओं में स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय का नर्सिंग कॉलेज, ड्रग वेयरहाउस, ग्रामीण पेयजल योजनाएं, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों के शैक्षणिक भवन व छात्रावास, मनिहारी-जखनियां-फद्दोपुर मार्ग का चौड़ीकरण, गाजीपुर-आजमगढ़ मार्ग का सुदृढ़ीकरण, नगर पालिका क्षेत्र की सीवर परियोजनाएं तथा गंगा तट पर कटानरोधी कार्य शामिल हैं.