लाल निशान के पार बह रही है घाघरा नदी

आजमगढ़। आजमगढ़ में घाघरा ने मंगलवार को डिघिया गेज पर लाल निशान पार कर लिया। आपात स्थिति से निपटने के लिए सेना बुला ली गई है। मऊ में घाघरा खतरे के निशान के करीब है, जबकि बलिया में जलस्तर स्थिर है। चंदौली में गंगा बढ़ रही हैं। आजमगढ़ में घाघरा का जलस्तर बढ़ने के साथ मुश्किलें बढ़ने लगी हैं। पांच गांवों में 50 मजरों के संपर्क मार्गों पर घाघरा का पानी चढ़ आया है। घाघरा के जलस्तर में पिछले 72 घंटे से वृद्धि जारी है। रेगुलेटरों पर पानी का दबाव बढ़ गया है। हरैया विकासखंड के देवारा खास राजा के बगहवा और चक्की गांव से महज कुछ दूरी पर पानी लहरा रहा है। कुछ तटवर्ती स्थानों पर कटान हो रही है। इसको देखते हुए तहसील प्रशासन अलर्ट हो गया है। तहसीलदार सगड़ी बृजेंद्र उपाध्याय ने बताया कि हालात को देखते हुए सेना को बुला ली गई है। मंगलवार को सेना के अधिकारियों को चिह्नित जगहों को दिखा दिया गया। उधर, बदरहुंआ पर नदी स्थिर हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *