अमेरिकी सिंगर मैरी मिलबेन आजादी के जश्‍न में होंगी शरीक

नई दिल्ली। भारत आजादी का 75वां साल बहुत धूमधाम से मना रहा है। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर हर बार की तरह इस बार भी विदेशी मेहमान शिरकत करेंगे। इस बार अफ्रीकी-अमेरिकी गायिका मैरी मिलबेन को स्वतंत्रता दिवस समारोह में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है। मैरी मिलबेन ने ‘ओम जय जगदीश हरे’ गाकर भारतीयों का मन मोह लिया था। वहीं मैरी ने पीएम मोदी की तारीफ की है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सही नेता:-
अफ्रीकी-अमेरिकी गायिका मैरी मिलबेन ने पीएम मोदी को एक दूरदर्शी नेता बताया साथ ही कहा कि भारत-अमेरिका संबंधों को मजबूत करने के लिए पीएम नरेंद्र मोदी सही नेता हैं। मैरी ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी एक महान नेता हैं। मेरे मन में प्रधानमंत्री मोदी के लिए जबरदस्त सम्मान और समर्थन है। मैं वास्तव में मानती हूं कि वह सही नेता हैं, सही दूरदर्शी हैं, भारत के लिए अभी और जो भी कर रहे हैं, सब कुछ सही है।

राष्ट्रपति मुर्मू दुनियाभर की युवा लड़कियों के लिए एक प्रेरणा:-
अमेरिकी गायिका ने नवनिर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के बारे में कहा कि मैंने उनके बारे में पढ़ा है। वह आदिवासी समुदाय से आती हैं। वे पहले गर्वनर बनीं और अब भारत की राष्ट्रपति वह न केवल भारत की युवा लड़कियों के लिए, बल्कि दुनिया भर की युवा लड़कियों के लिए एक प्रेरणा हैं।

मैरी मिलबेन भारत में पहली बार तब लाइमलाइट में आई जब उन्होंने 74वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर वर्चुअली भारत का राष्ट्रगान गाया था। इसके बाद उन्होंने साल 2020 में दीवाली के दौरान ‘ओम जय जगदीश हरे’ गाते हुए अपना एक सिंगल वीडियो जारी किया था। जिसको अब तक लाखों लोग देख चुके हैं। देश के स्वतंत्रता समारोह में शिरकत करने के लिए भारत आईं मिलबेन अपनी लाइव प्रस्तुति देंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *