कांग्रेस, मोदी की कब्र खोदने में व्यस्त और मोदी बेंगलुरु-मैसूर एक्सप्रेसवे बनाने में व्यस्त: पीएम मोदी

बेंगलुरु। पीएम नरेंद्र मोदी ने बेंगलुरु-मैसूर एक्सप्रेसवे राष्ट्र को समर्पित कर दिया है। इससे पहले पीएम मोदी ने मांड्या में एक रोड शो किया, जिसमें भारी संख्या में लोग पीएम को देखने पहुंचे। पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि बेंगलुरु-मैसूर एक्सप्रेसवे की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। युवा वर्ग देश की तरक्की देखकर गर्व महसूस कर रहा है। ये सभी प्रोजेक्ट विकास और समृद्धि के नए रास्ते खोलेंगे। बेंगलुरु और मैसूर, कर्नाटक के दो अहम शहर हैं। एक तकनीक के लिए जाना जाता है और दूसरा परंपरा के लिए जाना जाता है। ऐसे में इन दोनों शहरों का तकनीक के माध्यम से जुड़ना महत्‍वपूर्ण है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा कि 2014 से पहले कांग्रेस ने गरीब लोगों को तबाह करने में कोई कसर नहीं छोड़ी थी। कांग्रेस सरकार ने गरीब लोगों के पैसों को लूटा।

उन्‍होंने कहा कि 2014 में आपने मुझे वोट देकर सेवा का मौका दिया तो देश में गरीब का दुख दर्द समझने वाली संवेदनशील सरकार बनी। इसके बाद बीजेपी की केंद्र सरकार ने पूरी ईमानदारी से गरीब की सेवा करने का प्रयास किया। गरीब के जीवन से मुश्किल कम करने का प्रयास किया। बीते नौ सालों में भाजपा सरकार की योजनाओं से करोड़ों गरीबों का जीवन आसान हुआ है। कांग्रेस की सरकार में गरीब को सुविधाओं के लिए सरकार के पास चक्कर लगाने पड़ते थे। अब भाजपा की सरकार गरीब के पास जाकर सुविधाएं दे रही है। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस, मोदी की कब्र खोदने में व्यस्त है और मोदी, बेंगलुरु-मैसूर एक्सप्रेसवे बनाने में व्यस्त है। कांग्रेसियों को पता नहीं है कि देश की करोड़ों माताओं-बहनों का आशीर्वाद मोदी का सबसे बड़ा सुरक्षा कवच है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *