देशभर में धूमधाम से मनाया जा रहा रक्षाबंधन का पर्व, पीएम मोदी सहित केंद्रीय मंत्रियों ने दी बधाई

Raksha bandhan 2026: पूरे देश में भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का त्योहार रक्षाबंधन आज बड़े उत्साह और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया जा रहा है. इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और कई केंद्रीय मंत्रियों ने देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी हार्दिक शुभकामनाएं दीं और सभी के जीवन में खुशी, समृद्धि और सफलता के लिए प्रार्थना की.

राष्ट्रपति ने रक्षाबंधन की दी बधाई
इससे पहले गुरुवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रक्षाबंधन पर सभी नागरिकों को बधाई दी. राष्ट्रपति ने कहा कि रक्षाबंधन का त्योहार प्राचीन काल से ही भारतीय संस्कृति और परंपरा का अहम हिस्सा रहा है. उन्होंने कहा कि आस्था के साथ कलाई पर बांधा जाने वाला राखी का धागा सुरक्षा का एक पवित्र बंधन माना जाता है, जिसे ‘रक्षाबंधन’ कहा जाता है.

पीएम मोदी की शुभकामनाएं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “रक्षाबंधन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं. यह पावन पर्व आप सभी के जीवन में खुशहाली, समृद्धि और सफलता लेकर आए. स्नेह, अपनत्व और आपसी विश्वास की डोर सदैव अटूट बनी रहे, यही कामना है.” 

लोकसभा अध्यक्ष का संदेश

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने इस पर्व को परिवारिक मूल्यों और संस्कृति का प्रतीक बताते हुए कहा कि रक्षाबंधन सिर्फ रक्षा-सूत्र बांधने का त्योहार नहीं, बल्कि विश्वास, सम्मान, प्रेम और जीवनभर साथ निभाने का संकल्प उत्सव है. उन्होंने जोर दिया कि रक्षा का अर्थ महिलाओं के सम्मान, गरिमा, अधिकारों और सपनों की सुरक्षा से भी जुड़ा है. उनके अनुसार, जब हर बेटी और बहन सुरक्षित व सम्मानित होगी, तभी राष्ट्र और मजबूत बनेगा. 

गृह मंत्री अमित शाह ने दी बधाई

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सभी देशवासियों को भाई-बहन के अटूट स्नेह और विश्वास वाले इस पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कामना की कि यह पर्व सबके जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लाए. 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दी बधाई

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लिखा कि रक्षाबंधन हमारी सांस्कृतिक विरासत और मूल्यों की झलक प्रस्तुत करता है. यह पर्व महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और गरिमा के प्रति प्रतिबद्ध रहने की प्रेरणा देता है. उन्होंने समाज को महिलाओं के स्वाभिमान और सशक्तिकरण के प्रति और अधिक सजग बनने की अपील की.

सीएम योगी ने दी बधाई और शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन के पावन पर्व की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं. उन्होंने रक्षाबंधन को भाई-बहन के अटूट प्रेम, स्नेह, विश्वास और आत्मीयता का प्रतीक बताया. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते का पर्व नहीं, बल्कि भारतीय संस्कारों और पारिवारिक मूल्यों को मजबूत करने का भी अवसर है. उन्होंने प्रदेशवासियों से इस पावन अवसर पर पारिवारिक मूल्यों को और मजबूत बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया.

इसे भी पढ़ें:-रक्षाबंधन को बनाएं खास, अपनी बहन को तोहफे में दें ये गिफ्ट्स

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *