ओलंपिक चैंपियन नीरज चोपड़ा ने रचा इतिहास

स्पोर्ट्स। अमेरिका के यूजीन में चल रहे विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारत के गोल्‍डन बॉय नीरज चोपड़ा ने इतिहास रच दिया। टोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन करने वाले नीरज चोपड़ा ने एक बार फिर भारतवासियों को जश्न मनाने का मौका दिया है। उन्होंने रविवार को विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में रजत पदक हासिल कर इतिहास रचा है। नीरज चोपड़ा इस टूर्नामेंट के इतिहास में पदक जीतने वाले पहले भारतीय पुरुष एथलीट बन गए हैं।

साथ ही इस प्रतियोगिता में रजत पदक जीतने वाले पहले भारतीय हैं। इस प्रतियोगिता में भारत ने 19 साल बाद पदक जीता है। इससे पहले महिलाओं में दिग्गज एथलीट अंजू बॉबी जॉर्ज ने 2003 में ऐतिहासिक कांस्य पदक जीता था। नीरज ने चौथे राउंड में 88.13 मीटर दूर भाला फेंकर रजत अपने नाम किया।

नीरज ने लगातार प्रदर्शन को सुधारा:-
नीरज चोपड़ा पहले प्रयास में फेल हो गए थे। उनके पहले थ्रो को फाउल घोषित कर दिया गया था। उसके बाद चोपड़ा ने दूसरे राउंड में 82.39 मीटर दूर भाला फेंका। नीरज के प्रतिद्वंद्वी ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स ने पहले प्रयास में 90.21 मीटर और दूसरे राउंड में 90.46 दूर भाला फेंककर नीरज पर दबाव बना दिया था।

इसके बाद नीरज ने तीसरे और चौथे राउंड में लगातार अपने प्रदर्शन में सुधार किया। वह तीसरे राउंड में 86.37 और चौथे राउंड में 88.13 मीटर दूर भाला फेंकने में सफल रहे। नीरज पांचवें राउंड में फेल हो गए। पीटर्स 90.54 मीटर की दूर भाला फेंककर स्वर्ण पदक जीतने में कामयाब हुए। चेक गणराज्य के जाकुब वादलेज्च 88.09 स्कोर के साथ कांस्य जीतने में सफल हुए।

इस प्रतियोगिता में शामिल दूसरे भारतीय खिलाड़ी रोहित यादव ने फाइनल में 10वां स्थान हासिल किया। वह तीसरे राउंड के बाद बाहर हो गए। उन्होंने पहले राउंड में 77.96,  दूसरे राउंड में 78.05 और तीसरे राउंड में 78.72 मीटर दूर भाला फेंका।

सीजन में नीरज का शानदार फॉर्म:-
इस सीजन में चोपड़ा ने लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्होंने दो बार अपना व्यक्तिगत श्रेष्ठ प्रदर्शन किया। उन्होंने 14 जून को फिनलैंड के पावो नूरमी में 89.30 मीटर भाला फेंका और स्टाकहोम डायमंड लीग में 30 जून को 89.94 मीटर का प्रदर्शन किया। वह 90 मीटर से महज छह सेंटीमीटर चूक गए। इस दौरान उन्होंने फिनलैंड में कुओरताने में 86.69 मीटर के साथ खिताब जीता। अब वर्ल्ड चैंपियनशिप में रजत जीतकर इतिहास रच दिया।

नीरज की इस जीत के बाद देशवासी जश्न में डूब गए हैं और सोशल मीडिया पर बधाईयों का तांत लग गया है। भारतीय सेना से लेकर प्रधानमंत्री मोदी और पहलवान बजरंग पूनिया तक कई दिग्गजों ने नीरज को बधाई दी है।

पीएम मोदी ने लिखा “हमारे सबसे खास एथलीट में से एक के द्वारा शानदार उपलब्धि। विश्व चैंपियनशिप में एतिहासिक रजत पदक जीतने पर नीरज चोपड़ा को बधाई। भारतीय खेलों के लिए यह पल खास है। आने वाली प्रतियोगिताओं के लिए नीरज को शुभकामनाएं।”

खेल और युवा मामलों के मंत्री अनुराग ठाकुर ने ट्वीट किया “नीरज चोपड़ा ने अपनी जीत का सिलसिला जारी रखा है। विश्व चैंपियनशिप 2022 में 88.13 मीटर के बेस्ट थ्रो के साथ जैवलिन थ्रो में रजत पदक जीता है। वो पहली भारतीय पुरुष और कुल मिलाकर विश्व चैंपियनशिप में मेडल जीतने वाले दूसरे भारतीय हैं। अब नीरज हर वैश्विक इवेंट में पदक जीत चुके हैं।”

देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लिखा “सुबेदार नीरज के शानदार प्रदर्शन से भारत खुश है। यूजीन में विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने पर उनको बधाई। उनकी मेहनत, धैर्य और दृढ़ संकल्प ने शानदार नतीजे दिए हैं। हमें उन पर गर्व है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *